बाराबंकी। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन का उल्लास जिले के कोने-कोने में दिखाई पड़ा। वर्षों पुराने संकल्प, संघर्ष और बलिदान की गवाह रही बाराबंकी की धरती अयोध्या का ही एक अंग मानी जाती है।
सुबह से ही लोग इस अनुष्ठान को देखने के लिए जहां लोग टीवी व सोशल मीडिया पर सक्रिय रहे, वहीं जगह-जगह सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन का दौर चला। दोपहर 12:44 मिनट पर जैसे ही आधार शिला रखी गई, कई स्थानों पर जयश्रीराम के जयघोष के साथ लड्डू बांटे गए। शहर में पटाखे गूंज उठे। इस मौके पर मुस्लिम महिलाओं ने भी भाग लिया।
शाम को लोधेश्वर महादेवा, कोटवाधाम, शक्तिधाम तालाब समेत कई स्थानों पर जहां दीपावली मनाई गई वहीं घरों पर ही लोगों ने दीप जलाकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण की शुरुआत को लेकर दीपावली मनाई। कहीं रंगोली सजी तो कहीं पताकाएं फहराईं। शाम होते ही दीपोत्सव से शहर से लेकर ग्रामीण अंचल जगमगा उठा।
शिवसैनिकों ने शिवसेना जिला प्रमुख मनोज विद्रोही के नेतृत्व में विजय नगर मंदिर पर हवन पूजन किया और राम मंदिर आंदोलन के दौरान ज्ञात अज्ञात रामभक्तों एवं कारसेवकों के बलिदान को नमन किया। मिठाई बांटकर जय श्रीराम के नारे लगाए। मनोज विद्रोही ने कहा कि रामभक्तों का बलिदान व्यर्थ नहीं गया। आज का दिन शिवसैनिकों के लिये हर्ष व उल्लास का दिन है। इस मौके पर संजय शर्मा, सूरज जायसवाल, अजय गुप्ता, सुशील जायसवाल, राजेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
अयोध्या में जैसे ही श्रीराम मंदिर की आधारशिला रखी गई उसी समय पटेल तिराहे पर तमाम मुस्लिम भाई व बहनों ने पताकाएं लहराते हुए जय श्रीराम के नारे लगाए और मिठाई बांटी। मुस्लिम बहनों ने पुष्पवर्षा कर खुशी जताई। इस मौके पर राजा कासिम, जुबेर अहमद, ताहिर किदवई, नसीम अंसारी, नरेंद्र सिंह के साथ मुस्लिम बहनें मौजूद रहीं।
ram mandir- फोटो : BARABANKI