एसपी राजू बाबू सिंह का गुरुवार देर शाम तबादला कर दिया गया। उनके स्थान पर अब सत्येंद्र सिंह जिले के नए पुलिस कप्तान होंगे। राजूबाबू को कुशीनगर जिले का कप्तान बनाया गया है। इनके तबादले के पीछे पुलिस के एक बड़े अधिकारी का हाथ माना जा रहा है।
बताते चलें कि अब्दुल हमीद के तबादले के बाद 14 अगस्त को राजू बाबू सिंह को जिले में बतौर एसपी तैनात किया गया था। तैनाती के बाद से ही कप्तान ने पुलिसिंग व अपराध नियंत्रण पर जोर दिया इसी का नतीजा रहा कि पुलिस ने कई अनसुलझी हत्या व लूट और चोरी की वारदातों का खुलासा किया। एसपी ने आम जनता से भी बेहतर तालमेल बनाया और लापरवाही करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की।
करीब साढ़े चार माह के कार्यकाल मेें कोई भी ऐसा कार्य नहीं हुआ, जिससे एसपी की कार्यशैली पर सवाल उठे हों। सूत्रों के अनुसार राजू बाबू के तबादले के पीछे पुलिस के एक बड़े अधिकारी का हाथ होने की बात सामने आ रही है। वहीं पुलिस भर्ती बोर्ड में तैनात सत्येंद्र सिंह को जिले में बतौर एसपी के रूप में तैनाती दी गई है।