ब्लॉक नहीं मिलने के कारण पटरी को दुरुस्त करने का कार्य शाम तक पूरा नहीं हो सका। सभी ट्रेनें कॉशन देकर गुजारी जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान गैंगमैन को जुग्गौर रेलवे स्टेशन के पास डाउन लाइन की रेलवे पटरी चटकी दिखाई दी।
यह सूचना मिलते ही ट्रैक पर रेल यातायात रोक दिया गया। बांद्रा एक्सप्रेस को उस दौरान अप लाइन से गुजारा गया। रेलपथ अधिकारियों व कर्मचारियों ने ट्रैक की मरम्मत शुरू की। कुछ घंटों में ट्रैक की अस्थाई मरम्मत कर दी गई।
बाराबंकी-लखनऊ की अप व डाउन लाइन पर रोजाना 130 यात्री ट्रेनों का आवागमन होता है। कई मालगाड़ियां भी अप व डाउन लाइन से गुजरती हैं। विभाग की मानें तो ब्लॉक लेकर चटकी पटरी की पूरी तरह मरम्मत की जानी हैं।
ट्रैक पर लोड अधिक होने के चलते मुख्यालय से ब्लॉक नहीं मिल पाया। ट्रैक की स्थाई मरम्मत नहीं हो से डाउन लाइन से सभी ट्रेनों को कॉशन (30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार) से गुजारा गया।
रेलपथ निरीक्षक डीएस चौहान ने बताया कि पटरी की अस्थाई मरम्मत कर ट्रैक चालू कर दिया गया है। ट्रेनें कॉशन देकर गुजारी जा रही हैं। जल्द ही पटरी की स्थाई मरम्मत की जाएगी।