रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। सीओ की अगुवाई में शनिवार देेर शाम भारी पुलिस बल ने रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के कोटवासड़क कस्बे में छापा मारा। पुलिस को देखकर आरोपी छत से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी केे साथ ही उसके पुत्र को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को यहां से भारी मात्रा में मार्फीन मिली है, जो एक से दो किलो तक बताई जा रही है। रात करीब 10 बजे पुलिस पूछताछ में जुटी थी।
सीओ हर्षित चौहान की अगुवाई में पुलिस टीम ने देर शाम कोटवासड़क निवासी जयप्रकाश उर्फ किन्नी पाठक के यहां छापा मारा। किन्नी पर कई मुकदमे दर्ज हैं और कुछ दिन पहले भी जेल गया था। वह एनडीपीएस के मामले में वांछित भी था। बताते हैं कि पुलिस को देखते ही किन्नी छत पर पहुंचकर भागने के लिए कूदा, मगर उसकी कमर व पैरों में चोट आ गई।
इसके बाद पुलिस ने उसे व उसके बेटे शिवम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किन्नी को इलाज के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। रामसनेहीघाट के एसएचओ लालचंद्र सरोज ने बताया कि मार्फीन मिली है। मात्रा का पता किया जा रहा है। पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है।