बाराबंकी। जिलाधिकारी के आदेश पर शनिवार को कृषि विभाग के अधिकारियों ने जिले भर में खाद की दुकानों का औचक निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। इस दौरान खाद की 39 दुकानों की जांच की गयी और गड़बड़ी पाए जाने पर तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित करते हुए 6 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस दौरान खाद के 12 नमूने भरकर जांच के लिए भी भेज गए।
उपकृषि निदेशक अनिल सागर ने फतेहपुर तहसील में खाद की आठ दुकानों की जांच की और तीन नमूने भरकर जांच को भेजे। वहीं रजत सीड्स द्वारा प्रपत्र नहीं दिखाने पर इनका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया और दुकान बंद होने पर दीक्षित खाद भंडार को नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने16 दुकानों पर छापे मारे और चतुर्वेदी किसान सेवा केंद्र ग्वारी तथा श्रीराम फर्टिलाइजर के प्रपत्रों में भिन्नता पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया।
वर्मा खाद भंडार और अन्नू खाद भंडार बरेठी तथा एग्रीजंकशन पलटा को नोटिस जारी किया है। वहीं भूमि संरक्षण अधिकारी गोमती ने रामनगर में दस दुकानों की जांच की और एक नमूना भरा। भूमि संरक्षण अधिकारी कुर्सी ने रामसनेहीघाट की 5 दुकानों की जांच की और बंद पाए जाने पर हरिओम खाद भंडार को नोटिस जारी किया है।