बाराबंकी। डीएम डॉ. आदर्श सिंह ने शुकवार को अचानक एआरटीओ कार्यालय जा पहुंचे। परिसर में डीएम को देख दलालों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते ये कुर्सी और तख्त छोड़ कर भाग खड़े हुए। कार्यालय मार्ग पर वाहनों की भीड़ देख डीएम ने नाराजगी जताई और एआरटीओ को पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्यालय के निरीक्षण करने के साथ पटल सहायकों से सवाल-जवाब किए। काउंटर पर कैश का मिलान कराया। लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने करने के निर्देश दिए।
डीएम शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एआरटीओ कार्यालय पहुंचे। इस बारे में वहां के अधिकारियों व कर्मचारियों को पहले से कोई सूचना नहीं थी। कार्यालय में कर्मचारियों के साथ परिसर में दलाल प्रतिदिन की तरह सक्रिय थे। डीएम को देखते ही दलाल अपने ठिकाने छोड़कर भाग खड़े हुए। डीएम सीधे ड्राइविंग लाइसेंस सेक्शन में पहुंचे और आवेदकों से जानकारी ली। कर्माचारियों के पहचान पत्र भी देखे। पंजीयन सेक्शन का भी जायजा लिया। कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग बहुत जरूरी है। कैश काउंटर पर कैश का मिलान कराया। मुख्य गेट पर कोविड-19 डेस्क न बनाए जाने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर की। कार्यालय मार्ग पर वाहनों की पार्किंग से लगने वाले जाम को देख डीएम ने नाराजगी जताई। वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए।