बाराबंकी। प्रशासन की हिदायत के बाद भी खाद विक्रेता तय कीमत से अधिक दाम वसूलने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसी शिकायतों पर जिला कृषि अधिकारी ने मंगलवार को खाद की कई दुकानों पर छापा मारा। जांच में गड़बड़ी मिलने पर दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। इसके साथ जांच के लिए खाद के तीन नमूने लिए हैं।
जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार ने मंगलवार को फतेहपुर तहसील क्षेत्र के विशुनपुर, मिठवारा, बेलहरा और मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र की उर्वरक की 10 दुकानों पर छापा मारा। इस दौरान विशुनपुर के मेसर्स खान बीज भंडार पर अधिक दाम पर यूरिया व सल्फर का टैग लगाकर बेचे जाने तथा पंकज खाद भंडार बिहुरा चौराहे के बंद होने पर दोनों के लाइसेंस निलंबित कर दिए। इसके अलावा आंचल खाद भंडार, लक्ष्मी खाद भंडार तथा किसान एग्रोसेंटर बेलहरा के अभिलेख ने मिलने पर नोटिस जारी किया। तीन दुकानों से उर्वरक के नमूने भरे है। जिला कृषि अधिकारी ने सभी खाद विक्रेताओं को रेट व स्टॉक बोर्ड दुकान के बाहर लगाने के साथ पीओएस मशीन से निर्धारित दर पर यूरिया की बिक्री करने के निर्देश दिए।