बाराबंकी। कुर्सी क्षेत्र के बेहड़पुरवा गांव में छापा मारकर एसडीएम व सीओ ने शराब की धधकती भट्ठी पकड़ी। मौके से चार लोगों को दबोचा गया। इसके अलावा जिले भर में आबकारी व पुलिस टीम ने नौ लोगों को गिरफ्तार कर 330 लीटर अवैध शराब बरामद की है। कुर्सी क्षेत्र लहन बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक कुर्सी क्षेत्र के ग्राम बेहड़पुरवा में कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना पर रविवार को एसडीएम पंकज सिंह व सीओ अरविन्द वर्मा ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। इस दौरान करीब एक हजार लीटर लहन व दो सौ लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। मौके से चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने शराब बनाने की भट्ठियों लहन को नष्ट कराया। उधर मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में थाना प्रभारी मनोज शर्मा व आबकारी निरीक्षक राजनाथ यादव ने ग्राम गोरिया पुरवा एवं भीखमपुर में छापेमारी की।
टीम ने चार क्विंतल लहन नष्ट कराया। 80 लीटर शराब बरामद करने के साथ नरपत, लल्लू, चेतराम, प्रताप, पुत्तू को पकड़ा है। ग्राम भीखमपुर में पुलिस ने लहन नष्ट कराया। 20 लीटर शराब के साथ आलोक कुमार निवासी भीकमपुर को गिरफ्तार किया। एसडीएम ने बताया कि बेहड़पुरवा, गोड़ियनपुरवा व भीखमपुर में भारी मात्रा में लहन व कच्ची शराब बरामद की गई। 10 लोगों को मौके से पकड़ा गया है। इसके अलावा जहांगीराबाद, फतेहपुर व सुबेहा क्षेत्र में तीन लोगों को गिरफ्तार कर 30 लीटर शराब बरामद की गई।