बाराबंकी। दांतों में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे एक अधेड़ के तीन दांत कथित झोलाछाप ने उखाड़ डाले। गलत तरीके से उखाड़े गए दांतों से संक्रमण फैल गया और पीड़ित ने शुक्रवार रात दम तोड़ दिया। पुत्र की तहरीर पर शव काे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाकर पुलिस ने झोलाछाप व सहयोगी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के सुरजनपुर निवासी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार आधी रात पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते 23 अक्तूबर को दांत में दर्द होने पर उनके पिता रामकुबेर सिंह (52) ने बेलहरा कस्बे में झोलाछाप एके वर्मा को दिखाया था। इस दौरान झोलाछाप ने रामकुबेर के तीन दांत उखाड़ दिए। इससे अधेड़ के चेहरे पर काफी सूजन आ गई।
रामकुबेर को लेकर परिजन एक बार फिर झोलाछाप की क्लीनिक पर पहुंचे तो उनके साथ ही सहयोगी अमित कुमार वर्मा ने इलाज किया लेकिन समस्या और बढ़ती ही चली गई। परेशान परिजन रामकुबेर को लेकर बाराबंकी में एक चिकित्सक के यहां पहुंचे तो उसने सही तरीके से दांत नहीं उखाड़ने व इलाज न होने के कारण संक्रमण फैल जाने की बात बताई। शुक्रवार की रात करीब 11 बजे रामकुबेर ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र शैलेंद्र ने बताया कि आरोपी झोलाछाप डॉक्टर है सूचना पाने के बाद मौेके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएचओ मोहम्मदपुर खाला अनिल सिंह ने बताया कि कथित झोलाछाप व सहयोगी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।