बाराबंकी। बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की रसोई का बजट गड़बड़ा दिया है। रोजमर्रा में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे खासकर मध्यम और निम्न आय वर्ग पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। सब्जियों और फलों की कीमतों में तेजी के साथ दाल और खाद्यान्न भी महंगे हो गए हैं, जिससे थाली का खर्च बढ़ता जा रहा है।
बीते करीब 15 दिनों में मूंग छिलका, उड़द और राजमा के दामों में 20 से 25 रुपये प्रति किलो तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं चावल के दाम भी बढ़े हैं। खाद्य तेल, खासकर रिफाइंड की कीमत में करीब 20 रुपये प्रति किलो तक इजाफा हुआ है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। किराना व्यापारी कृष्ण कुमार व आशुतोष कुमार का कहना है कि पहले से महंगे चल रहे खाद्य तेल अब धीरे-धीरे आम उपभोक्ता पहले की अपेक्षा कम मात्रा में खरीद रहे हैं।
सब्जी मंडी के व्यापारी मुन्ना राइन ने बताया कि इस समय नींबू की कीमतों ने सबसे ज्यादा झटका दिया है, जो फुटकर में 200 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। इसके अलावा बैंगन, लौकी और मटर के दामों में भी वृद्धि हुई है। महंगाई का असर घर-गृहस्थी पर साफ दिख रहा है।
महिलाओं का कहना है कि रसोई का बजट संभालना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है। फलों और सब्जियों के बढ़ते दामों के कारण परिवार के पोषण पर भी असर पड़ रहा है। गैस सिलिंडर के दाम भी बढ़ गए हैं।
खाद्यान- मार्च के अंत में- अब
मूंग छिलका- 110 - 130
उड़द - 140 - 165
अरहर- 115 130
चना काबली - 120 -140
राजमा-100 - 150
रिफाइंड - 125 - 145
चावल - 40 - 50
नोट: (कीमत रुपये प्रति किलो)
सब्जी प्रति किलो -एक माह पूर्व - आज के दाम
नींबू - 100 - 200
बैंगन- 40 -60
लोकी - 30 - 40
मटर -100 - 150