जैदपुर विधानसभा में सत्ता का संग्राम
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों की सरगर्मी के बीच बीच अमर उजाला की टीम 'सत्ता का संग्राम' अभियान के तहत बाराबंकी जिले की जैदपुर विधानसभा क्षेत्र पहुंची। इस दौरान टीम ने किसानों, युवाओं और स्थानीय निवासियों से आगामी चुनावों के मुद्दों और क्षेत्र के विकास पर विस्तृत बातचीत की। वर्तमान में यहां अपना समाजवादी पार्टी से गौरव कुमार रावत विधायक हैं।
इलाके में विकास पर जनता की राय
एक स्थानीय निवासी ने विधायक के प्रति नाखुशी जाहिर की। उनका कहना है कि विधायक क्षेत्र में दिखाई नहीं देते और उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य नगण्य हैं। जैदपुर से बाराबंकी तक की सड़क की हालत खस्ताहाल है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। विशेष रूप से जैदपुर से अब्दुल्लापुर मार्ग, जहां दशहरा मेला लगता है, अत्यंत जर्जर स्थिति में है और इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
सरकारी योजनाओं और मुद्दों पर चर्चा
कुछ स्थानीय निवासियों ने योगी सरकार के कामकाज की सराहना की। उन्होंने बताया कि बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है और अब 18 घंटे बिजली उपलब्ध रहती है, जबकि पिछली सरकारों में यह समस्या बनी रहती थी। राशन, सड़क और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं पर भी बात हुई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों ने संतोष व्यक्त किया और कहा कि अब व्यापारी बिना किसी डर के व्यापार कर सकते हैं और लड़कियां सुरक्षित रूप से स्कूल-कॉलेज जा रही हैं। फ्री राशन योजना की भी जमकर तारीफ की गई।
सरकारी योजनाओं का लाभ और बुनकरों की स्थिति
कुछ लोगों ने ने किसानों के लिए चलाई जा रही सम्मान निधि जैसी योजनाओं की सराहना की। सोलर सिस्टम लगाए जाने को भी सराहा गया। उन्होंने बताया कि लोगों को आवास योजना का लाभ भी मिला है।
महिला बुनकरों की कैसे बदली किस्मत
जैदपुर विधानसभा क्षेत्र में बुनकरों के लिए जाना जाता है। हमारी टीम ने बुनकरों से बातचीत की। एक महिला बुनकर ने बताया कि हमें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। हम खुश है। हमें सरकार की तरफ से काफी सुविधा मिल रही है।
बुनकरों ने बताया योगी सरकार से मिला कितना लाभ?
बुनकरों ने बताया कि यहां विधायक विकास के नाम पर चुना जाएगा। धरातल पर अभी विकास तो नजर नहीं आता है। अस्पताल में कोई इमरजेंसी होती है तो डॉक्टर नहीं मिलते हैं। रास्ते खराब हैं। मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम विकास योजना का लाभ बुनकरों को मिला है। दो-दो पावर लूम मिले। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) का फायदा मिला है। विदेशों तक हमारा माल जा रहा है। हम इससे काफी खुश हैं। अपना बिनेस स्टार्ट करने में सरकार मदद कर रही है।