घुंघटेर (बाराबंकी)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 50 करोड़ की लागत से बनाई गईं 11 सड़कें रविवार को जनता को समर्पित कर दी गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आजमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में अन्य विकास कार्यों के साथ जिले की इन सड़कों का वर्चुअल तरीके से लोकार्पण किया।
इसे लेकर रविवार को निंदूरा ब्लॉक में भदरास मार्ग पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लाइव देखा और संबोधन सुना। सांसद ने सड़कों के शिलापटों का अनावरण किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब आवागमन में सहूलियत होगी। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विनय मौर्य, प्रदीप रावत, विशाल सिंह, नितिन मौर्य, सत्येंद्र प्रताप सिंह अन्य उपस्थित रहें।
इन 68 किमी लंबी सड़कों का हुआ लोकार्पण
ब्लॉक बंकी के देवा रोड वाया गदिया की 7.26 किमी, देवां कुर्सी रोड से शारदा नहर वाया कैमई 7.40 किमी, ब्लाॅक हैदरगढ़ के हैदरगढ़ सुबेहा रोड से हरीपालपुर मार्ग 5.60 किमी, हरख के भानमऊ सलेमपुरघाट से भानमऊ जैदपुर नारायणपुर 7.50 किमी, अख्तियारपुर से चिनहट सतरिख रोड वाया धौसाबाद मानपुर 5.35 किमी, मसौली के बांसा से न्यामतपुर वाया रहरामऊ 5.315 किमी, निन्दूरा के निगोहा अटहरा रोड से बाबागंज घुंघटेर वाया नन्दपुर पलिया 7.180 किमी, घुंघटेर से महोलिया वाया सलेमाबाद 5.66 किमी, लखनऊ-महमूदाबाद रोड से हिदायतपुर सिपाह लम्बाई 5.20, सरसवां से दरावा वाया इमामगंज पांच किमी, बड्डूपुर बजगहनी रोड से सिरकोहिया वाया भदरास सात किमी शामिल हैं।
सीतापुर-बुढ़वल रेल लाइन के दोहरीकरण का भी लोकार्पण
रामनगर (बाराबंकी) सीतापुर से बुढ़वल रेलवे स्टेशन तक रेल लाइन के दोहरीकरण व विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण आजमगढ़ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया। इसे लेकर बुढ़वल स्टेशन पर रविवार को कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। यात्री प्रतीक्षालय हाॅल में लगी एलईडी स्क्रीन में लोगों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। कार्यक्रम में जब बुढ़वल-सीतापुर-रौजा दोहरीकरण रेल लाइन का लोकार्पण हुआ तो वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। इस मौके पर डीसीआई अवधेश कुमार व स्टेशन अधीक्षक मनोरंजन कुमार, वाणिज्य अधीक्षक कुलदीप कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर विद्युत उत्तम सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद