बाराबंकी। मसौली के चक मोहम्मदपुर बांहु गांव में शिवरानी (30) की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। मामले में मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिवारीजनों का आक्रोश पुलिस के प्रति फूट पड़ा। आरोप है कि पुलिस ने मृतका की मां को रिपोर्ट दर्ज किए बिना ही थाने से भगा दिया। मंगलवार को दोपहर तीन बजे शव जब गांव पहुंचा तो परिजनों ने अंतिम संस्कार से इन्कार करते हुए भयारा-त्रिलोकपुर मार्ग पर शव रखकर ग्रामीणों के साथ करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर आवागमन ठप हो गया। सीओ रामनगर गरिमा पंत के निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन पर परिवारीजन माने। पति ओम प्रकाश व ननदोई समेत पांच लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मृतका शिवरानी की मां ग्राम कटरा मजरे भयारा निवासी फूलमती ने तहरीर के माध्यम से बताया है कि वर्ष 2017 में उन्होंने शिवरानी का विवाह ओम प्रकाश के साथ किया था। पति ओम प्रकाश, ससुर राम हरख, सास कबूतरी, जेठ साहब लाल व थाना कोठी के उस्मानपुर निवासी ननदोई पिंटू दहेज से संतुष्ट नहीं थे। शिवरानी को मायके की संपत्ति अपने नाम कराने के लिए परेशान करते थे।
आरोप लगाया कि ओम प्रकाश ने मेरे साथ रहने वाले दामाद पवन कुमार के फोन पर शिवरानी की हत्या करने की धमकी दी थी। आरोप लगाया कि सोमवार की शाम को हत्या के बाद सफेदाबाद निवासी दामाद उजागर को बताया था कि शिवरानी को मार डाला है। हम लोग जब पहुंचे तो ओम प्रकाश व उनके परिवार के लोग मौके से भाग गए थे।
थाने से भगाने से बढ़ा आक्रोश
शिवरानी की मौत को पति व ससुरालीजन फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कह रहे थे, लेकिन मायके वाले जब पहुंचे तो वे सभी भाग गए। मृतका के बहनोई पवन कुमार ने बताया कि हम लोग जब चक मोहम्मदपुर बांहु गांव पहुंचे तो शिवरानी का शव घर में पड़ा था। गले पर रस्सी से कसने व पीठ पर चोट के निशान थे। नाखून से खरोचने के घाव से खून भी बह रहा था। मंगलवार को सुबह मसौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सास फूलमती के साथ गया तो वहां से रिपोर्ट दर्ज किए बिना ही भगा दिया गया। दोपहर तीन बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी। ऐसे में शव का अंतिम संस्कार करने इन्कार करते हुए उसे सड़क पर रखकर कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद मौके पर अधिकारी पहुंचे।
बच्चों को 10-10 लाख मुआवजे देने की मांग
शिवरानी के तीन बच्चे हैं। जिनमें बड़ी पुत्री स्नेहा पांच वर्ष, दूसरी पीहू दो वर्ष व सबसे छोटा पुत्र संचित छह माह का है। यह सभी बच्चे अपनी नानी के घर कटरा आ गए हैं प्रदर्शन के दौरान इन बच्चों को 10-10 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने व दो-दो बीघा जमीन का पट्टा देने की मांग की गई। नायब तहसीलदार नवाबगंज प्रियंका शुक्ला ने मांग को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग
सोमवार की देर रात तक रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर का इंतजार किया गया था। तब तहरीर देने कोई नहीं आया था। मंगलवार को मृतका की मां की तहरीर पर पति समेत पांच लोगाें पर मुकदमा दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैंगिंग (गले में फंदा लगाने से मौत) की बात सामने आई है। मामले की जांच की जा रही है।
- गरिमा पंत, सीओ रामनगर