बाराबंकी। पश्चिम बंगाल में हुई चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुई हिंसा को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को अपने-अपने घरों पर धरना देकर विरोध प्रकट किया।
शहर में लखपेड़ाबाग स्थित सांसद आवास पर जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव के नेतृत्व में सांसद व अन्य पदाधिकारी धरने पर बैठे। सभी ने भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या एवं हिंसा का निंदा करते हुए हिंसा में शामिल टीएमसी के गुंडों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। सांसद उपेंद्र रावत ने कहा कि पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद ममता बनर्जी के इशारे पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के विरुद्ध जो हिंसात्मक कार्यवाही की है। उसकी कड़े शब्दों में भर्त्सना की जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव बाद टीएमसी के गुंडों ने जिस प्रकार भाजपा कार्यालयों एवं कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया उसकी कठोर शब्दों में निंदा करता हूं। कहा कि हिंसा करने वालों को तुष्टिकरण की नीति पर चलने वाली ममता बनर्जी का वरदहस्त प्राप्त है। भाजपा लोकतंत्र की मर्यादाओं का पालन करते हुए हिंसा का पुरजोर विरोध करती है। साथ ही हिंसा में मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करती है।
इसी प्रकार के धरना-प्रदर्शन प्रत्येक मण्डल एवं बूथ स्तर पर आयोजित किये गए जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने घरों पर बैठकर शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शित किया। नागेश्वरनाथ मंदिर के समीप भाजपा नेता प्रशांत मिश्रा व राजा कासिम ने धरना दिया। भाजपाइयों ने हिंसा का पुरजोर विरोध करते हुए टीएमसी की कठोर शब्दों ने निंदा की। इस अवसर पर जिला महामंत्री संदीप गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अरविंद मौर्य, दिनेश रावत, हर्षित वर्मा मौजूद रहे।