बाराबंकी। जनता को महंगाई बेरोजगारी से निजात दिलाने के बजाय उनके हक की आवाज उठाने वाले विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए भाजपा सारी ताकत लगा रही है। सरकार के इस कृत्य की जितना भी निंदा की जाए वह कम है। यह बातें सपा जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद ने बुधवार को छाया चौराहे पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा विधायक गौरव रावत, फरीद महफूज किदवई, धर्मराज यादव, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, राममगन रावत, पूर्व मंत्रियों अरविंद सिंह गोप, राकेश कुमार वर्मा को पुलिस ने लखनऊ जाने ही नहीं दिया और इन नेताओं को पूरे दिन घरों में नजरबंद रखा। जो निंदनीय कार्य है। इसकी जितनी निंदा की जाए, कम है। शाम को सपा नेताओं ने छाया चौराहे पर प्रदर्शन कर विरोध में राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
कहा कि आज हमारी पार्टी के विधानमंडल दल के नेता द्वारा जनता के अधिकारों व उनकी समस्याओं को उठाने के लिए लिए सभी मौजूदा और पूर्व विधायक, मंत्रियों को विधानसभा में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के सामने आज लखनऊ बुलाया गया था।
मगर प्रदेश सरकार ने सभी विधायक, पूर्व मंत्री और पूर्व विधायकों को उनके घरों पर ही हाउस अरेस्ट कर साबित कर दिया है कि सरकार का लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। वह लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है। सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है जो कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके कामता प्रसाद यादव, मो. सबाह, प्रीतम सिंह वर्मा, वीरेंद्र प्रधान, जसवंत यादव, ताज बाबा राइन, दीपक गुप्ता, मोहम्मद आसिफ, मुजीब अंसारी आदि मौजूद रहे।