फतेहपुर (बाराबंकी)। अधिवक्ताओं ने अपने वकील साथी को बेवजह फंसाये जाने को लेकर जांच व रिहाई की मांग करते हुए बुधवार को जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर न्यायिक कार्यों से विरत रहने का एलान किया।
रामनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पांच जुलाई को ग्राम मनौरा में दो पक्षों के बीच चुनावी रंजिश के चलते विवाद हो गया। देखते ही देखते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर गोली चला दी थी। जिसमें एक आरोपी का भाई उदित नरायन सिंह फतेहपुर तहसील में वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर वर्मा के पास प्रैक्टिस करता है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि पांच जुलाई की शाम चार बजे की घटना है। आरोपी का भाई उदित नारायण छह बजे शाम को अपने सीनियर अधिवक्ता के साथ मौजूद था। जब वह घर पहुंचे तो मौके पर मौजूद पुलिस ने पूछताछ के बहाने उदित नरायन को अपने साथ रामनगर कोतवाली बुला ले गई, और बाद में उनको नहीं छोड़ा। अधिवक्ता उदित नरायन की नाजायज तरीके से की गई गिरफ्तारी के विरुद्ध वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर वर्मा ने बार संघ अध्यक्ष शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
बार संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम ने आम सभा की बैठक बुलाकर नाजायज कार्रवाई को लेकर विरोध जताया। पुरानी कचहरी परिसर से कचहरी चौराहा होते हुए अधिवक्ताओं ने जुलूस के रूप में एसडीएम न्यायालय पहुंचकर अपनी बात रखी। इस दौरान बार संघ अध्यक्ष ने कहा कि जब उदित नरायन पांच जुलाई को शाम छह बजे तक फतेहपुर तहसील में अपने सीनियर के साथ रहे। घटना से उनका कोई लेना-देना नही था।
उसके बावजूद भी उसका उत्पीड़न करते हुए पूछताछ के बहाने गिरफ्तारी कर ली गयी है। निर्दोेष अधिवक्ता की रिहाई की मांग करते हुए बार अध्यक्ष ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार पूजा चौधरी को सौंपा। इस मौके पर विष्णु कुमार मौर्य, आरएन तिवारी, हरिनाम सिंह वर्मा, इंद्रेश कुमार शुक्ल, ओम प्रकाश यादव, योगेेंद्र सिंह, अवधेश कुमार सिंह, धर्मेेद्र श्रीवास्तव, बृजेश मिश्रा, सुनील सिंह, अशोक यादव, मदन मोहन मिश्रा आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।