सफेदाबाद (बाराबंकी)। शीतल पेय बनाने वाली फैक्टरी में ट्रक चालक के पद पर तैनात एक कर्मी की ऑन ड्यूटी सड़क हादसे में मौत हो गयी। इसके बाद मुआवजे की मांग करते हुए परिवारीजन सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने मृतक के शव को फैक्टरी के गेट पर रखकर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाबुझाकर शांत कराया है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के शाजीदाबाद (देवकहा) मजरे गदिया गांव का है। यहां के रहने वाले मुकेश यादव (42) पिछले लगभग 18 वर्षों से सफेदाबाद स्थित एक शीतल पेय बनाने वाली फैक्टरी में वाहन चालक के पद पर तैनात थे। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात मुकेश फैक्टरी का ट्रक माल सहित लेकर लखनऊ गया था।
रात करीब 10 बजे भिटौली चौराहे के पास जब वह ट्रक रोककर नीचे खड़ा था। तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां उसकी मृत्यु ही गयी। शव का पोस्टमार्टम लखनऊ में होने के बाद शनिवार को मृतक के परिवारीजन सहित सैकड़ों ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव सड़क पर रखकर फैक्टरी के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और पीएसी बल ने भीड़ को नियंत्रित किया। कुछ संभ्रांत लोगों और कोतवाल पंकज सिंह तथा नायब तहसीलदार की उपस्थिति में फैक्टरी प्रबंधन से मुआवजे की बात तय हुई। जिसमें मृतक के परिवार को एक लाख नकद तथा एक महीने के वेतन सहित फंड भी देने को कहा गया।
यह सहमति हुई ही थी कि बाहर एकत्रित भीड़ को किसी ने भड़का दिया और हाईवे जाम करने को कहा। इतने में सैकड़ों लोगों की भीड़ ने हाईवे पर डेरा डाल दिया और वाहनों का आवागमन बाधित कर दिया। मौके पर मुस्तैद पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और यातायात सुचारु कराया। इसके बाद परिवारीजन शव को उठाकर अंतिम संस्कार के लिए घर ले गये।
मुकेश के जाने के बाद अब कौन संभालेगा परिवार
फैक्टरी के बाहर शव रखा था, मृतक की पत्नी सहित चार पुत्र क्रमश: सौरभ, सुधांशु, हिमांशु और प्रियांशु तथा पुत्री शिवानी बेसुध हो शव पर सिर पटक-पटक कर बिलख रहे थे। मौके पर मौजूद सैकड़ों लोग बस यही चर्चा कर रहे थे कि मुकेश के जाने के बाद अब इन सब को कौन संभालेगा।
इन सब मासूमों का गुजरबसर कैसे होगा। फैक्टरी प्रशासन का संवेदनहीन रवैया देख लोग आक्रोशित हो रहे थे। लेकिन कुछ लोगों के समझाने-बुझाने से सभी समाधान के इंतजार में शांत बैठे थे। जिसका अंत मामूली मुआवजा मिलने के बाद हुआ।