बाराबंकी। राहत सामग्री न मिलने से नाराज बाढ़ पीड़ितों ने चौकाघाट बाढ़ चौकी पर गुरुवार को जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि है कि जिस सूची से राहत सामग्री का वितरण किया गया उसमें पात्र लोगों के नाम तक नहीं है। सूचना पर पुलिस के साथ पहुंचे तहसीलदार ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया।
रामनगर क्षेत्र की बाढ़ चौकी चौकाघाट पर शाम चार बजे राहत सामग्री का वितरण बंद कर दिया गया लेकिन बहुत से लोगों को जरूरी सामान नहीं मिल पाया था। इस पर बताया किया कि शेष लोगों का नाम सूची में नहीं है। इस पर राहत सामग्री से वंचित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि जिस सूची के आधार पर राहत सामग्री का वितरण किया गया वह पूरी तरह से गलत है। राहत सूची की जांच कराई जाए। जिन लोगों ने गलत सूची बनाई उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। सूचना मिलते ही तहसीलदार रामदेव निषाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को समझा कर शांत कराया। तहसीलदार ने बताया कि वंचित लोगों को भी राहत सामग्री मुहैया कराई जाएगी।