विभागीय योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों को होना बहुत जरूरी है। जब तक जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की जानकारी नही होगी। उसका दुरुपयोग होगा। विभागीय अधिकारी हर हाल में योजनाओं की सभी जानकारियां प्रतिनिधियों को देते हुए सूची भी उपलब्ध कराएं। यह बातें शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने कलक्ट्रेट में आयोजित जिला योजना की बैठक में मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से कहीं। जिला योजना की बैठक में सभी नामित सदस्यों की सहमति पर प्रभारी मंत्री ने सर्वसम्मति से जिले के विकास के लिए शासन द्वारा प्रस्तावित किए गए 381.45 लाख के बजट पर अपनी मुहर लगा दी।
प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान की अध्यक्षता में जिला योजना की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभागों द्वारा तैयार विकास कार्यों के लिए योजनाओं को मुख्य विकास अधिकारी अंजनी कुमार ने पढ़कर प्रभारी मंत्री को इससे अवगत कराया।
बैठक में मौजूद कुुर्सी विधान सभा के विधायक साकेंद्र वर्मा ने निंदूरा ब्लॉक क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज के निर्माण के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय से करीब दो माह पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय को भेजे गए एक प्रस्ताव को शामिल न किए जाने की शिकायत पर प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने डीआईओएस को फटकार लगाते हुए कड़ी चेतावनी दी।
निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे देरी से शुरू हुई इस बैठक में दुग्ध, गन्ना, मत्स्य, पंचायती राज, सिंचाई, ऊर्जा, माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा समेत कई विभागों में चल रही योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए प्रस्तावित बजट पर प्रभारी मंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों की सहमति पर मुहर लगा दी।
जिला योजना की बैठक में सभी नामित सदस्यों समेत सांसद फैजाबाद लल्लू सिंह, विधायक बैजनाथ, साकेेंद्र वर्मा, सतीश शर्मा, उपेंद्र रावत, शरद अवस्थी, एमएलसी राजेश यादव के अतिरिक्त जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी, एसपी अनिल सिंह, एडीएम अनिल कुमार सिंह, डीएसटीओ डॉ. रामप्रकाश समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला योजना की बैठक में प्रभारी मंत्री की मुहर लगने के बाद जिले को कई सौगातें मिलेगी। इनमें फतेहपुर, निंदूरा, भगौली में पशु चिकित्सालय, दरियाबाद में आवासीय भवन, फतेहपुर व डाक बगला, 14 नए नलकूप, 270 किमी ग्रामीण अंचलों में सड़क निर्माण, सभी ब्लॉकों में 19 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नगर पालिका व नगर पंचायतों में 250 हैंडपंप व कई इंटर कॉलेेजों की सौगात जिलेवासियों को मिलेंगी।
जिला योजना की बैठक में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा हो वसूली का मुद्दा भी सांसद प्रियंका सिंह रावत ने उठाया। सांसद ने कहा कि गांवों में इस योजना के तहत दस से तीस हजार रुपये प्रति लाभार्थी से वसूला जा रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि पूरी निष्पक्षता के साथ चयन करें, वरना कार्रवाई भी होगी।
फतेहपुर सीएचसी में आज भी तैनात छेड़छाड़ का आरोपी लैब टेक्नीशियन का मुद्दा उठाते हुए कुर्सी विधायक साकेंद्र वर्मा ने कहा कि इस एलटी कर्मचारी के विरुद्व मुकदमा भी दर्ज है। इस मामले पर प्रभारी मंत्री ने सीएमओ उसे आरोपी कर्मचारी को वहां से हटाने के निर्देश दिए।