हैदरगढ़ (बाराबंकी)। सुबेहा नगर पंचायत विस्तार में अब खानपुर ग्राम को भी जोड़ने की कवायद शुरू हो गई है। डीएम के निर्देश मिलने पर पहले से प्रस्तावित विस्तार के लिए चल रही कार्यवाही पर विराम लग गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने पर यह कदम उठाया गया।
सुबेहा नगर पंचायत क्षेत्र विस्तार के संबंध में विधायक बैजनाथ रावत ने डीएम को प्रस्ताव दिया था जिसके मुताबिक सात गांव आलापुर, मोहीउद्दीन सरांय, पलिया तथा जमीन हुसेनाबाद का गांव पूरे मिश्रन व थलवारा के निंदुरी, टिकुरी, मल्लाहनपुरवा को नगर पंचायत में शामिल किए जाने की कार्यवाही शुरू हुई थी। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में बहुमत से विस्तार प्रस्ताव खरिज हो गया था।
डीएम के निर्देश से प्रस्ताव भेजने की तैयारी शुरू कर सभी गांवों का राजस्व टीम से सर्वे पूरा हो गया तथा शुक्रवार को गूगल मैपिंग के लिए सर्वे टीम सुबेहा पहुंची थी लेकिन इसी बीच नगर विस्तारीकरण में अन्य छह गांव जोड़ने का प्रस्ताव मिलने पर सर्वे का काम रोक दिया गया और टीम वापस लौट गई। विधायक बैजनाथ रावत ने पहले भेजे गए गांवों के अतिरिक्त खानपुर पंचायत के सरांय चंदेल, चौधरी का पुरवा, नूरअली का पुरवा, छोटी चौकी, बड़ी चौकी व शहापुर गांव को सुबेहा नगर में जोड़ने की सिफारिश की है।
अमर उजाला ने सात जनवरी को ‘सीमा विस्तार के प्रस्ताव में नगर से सटे गांव ही नहीं’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी जिसमें प्रधान सरिता सिंह व पूर्व प्रधान अवधेश सिंह ने नगर सीमा से सटे गांवों को नागरिक सुविधा दिलाने की मांग की थी। ईओ सना सगीर ने बताया कि डीएम कार्यालय से छह अन्य गांवों को नगर विस्तार में शामिल करने का पत्र मिला है। जल्द ही इन गांवों का सर्वे कर प्रस्ताव भेजा जाएगा।
हैदरगढ़ व सुबेहा नगर पंचायत के विस्तार के लिए कार्यवाही शुरू करने के निर्देश डीएम ने दिए हैं। विधायक की सिफारिश पर हैदरगढ़ नगर पंचायत विस्तार में अंसारी, पेचरुआ, रनापुर तथा सिद्धौर में दीनपनाह, हाजीपुर श्यामनगर, अरुई व तिलसिया गांव जोड़ कर विस्तार किया जाएगा।