रामनगर। कोतवाली रामनगर इलाके में शनिवार को खुद को आग लगाने वाले पुजारी की शनिवार देर रात लखनऊ के सिविल अस्पताल में मौत हो गई। पुजारी ने पत्नी से विवाद के बाद यह कदम उठाया था।
मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के चेतिया निवासी खड़बड़ (50) रामनगर के तपेसिपाह गांव के पास स्थित हनुमान जी के मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। उनके साथ मंदिर परिसर में बने एक कमरे में पत्नी व बच्चे भी रहते थे। बेटे पिंटू ने बताया कि पिता ने शनिवार दोपहर मां नंदरानी से विवाद किया। इसके बाद मंदिर परिसर में ही केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली। ग्रामीणों ने कपड़ा और पानी डालकर आग पर काबू पाया, लेकिन पुजारी 80 प्रतिशत तक झुलस गए थे। उन्हें सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल के बाद देर शाम लखनऊ के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। देर रात इलाज के दौरान पुजारी ने दम तोड़ दिया।
दो बेटियों का होना है विवाह
मृतक की के परिवार में बेटी वंदना (30), छुन्नू (25), अंजलि (17) व बेटा पिंटू (33) हैं। बड़ी बेटी व बेटे की शादी हो चुकी है। कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पुजारी ने किन परिस्थितियों में आत्मदाह किया है, इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। संवाद