दरियाबाद ब्लॉक में बीडीओ को ज्ञापन सौंपते सचिव व कर्मचारी संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता। संवा
बाराबंकी/दरियाबाद। विकासखंड क्षेत्र दरियाबाद में खुली बैठक के दौरान सचिव के साथ हुई मारपीट के मामले में अब तक ग्राम प्रधान की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। इसे लेकर सचिव व तमाम ब्लॉक कर्मचारी शनिवार से हड़ताल पर जाएंगे। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम के निर्देश पर प्रधान के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि विकास खंड दरियाबाद के खजुरी में सोमवार को पंचायत भवन पर आवास व मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए एडीओ पंचायत अनिल कुमार सिंह की अध्यक्षता में खुली बैठक बुलाई गई थी। इसी बीच सचिव विनोद कुमार और ग्राम प्रधान सुएब के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई थी।
मामले में सचिव की शिकायत पर बदोसराय कोतवाली पुलिस ने मारपीट एवं एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज किया था। इस प्रकरण के बाद से सचिव और प्रधान संघ एक-दूसरे के खिलाफ मुखर हो रहे हैं। सचिव संघ की ओर से डीएम को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। प्रधान संघ ने सचिव के खिलाफ कार्रवाई के लिए कोतवाली में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके चलते ब्लॉक क्षेत्र में कामकाज प्रभावित चल रहा है।
गिरफ्तारी समेत अन्य मांगों को लेकर शनिवार को सचिव संघ ने पहले शुक्रवार को हड़ताल की घोषणा की थी लेकिन अब यह हड़ताल शनिवार से होगी। सचिव संघ के अध्यक्ष चंद्र शेखर गुप्ता ने बताया कि हड़ताल के संबंध में बीडीओ को ज्ञापन सौंपकर जानकारी दे दी गई है। रोजगार सेवक, सफाई कर्मचारी व तकनीकी सहायक संघ भी समर्थन करेगा।
उधर, डीएम सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर डीपीआरओ नीतेश भोंडेले ने प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। इसको लेकर जल्द ही नोटिस जारी होने की उम्मीद है।