बाराबंकी। पुलिस विभाग में होने वाली सिपाही भर्ती की परीक्षा तैयारियों को परखने के लिए पुलिस व प्रशासन के अफसरों ने अन्य विभागों के साथ मिलकर बुधवार को मॉक ड्रिल की। इस दौरान 23 से 31 अगस्त तक होने वाली लिखित परीक्षा के बनाए गए सभी नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संचालन के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा का पूर्वाभ्यास कर व्यवस्थाओं को फुलप्रूफ बनाने की समीक्षा की।
इस दौरान परीक्षा केंद्रों से लेकर नियंत्रण कक्ष तक निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहे। परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले डमी अभ्यर्थियों की की गहन तलाशी ली गई। साथ ही सीटिंग प्लान से लेकर सुरक्षा निगरानी से जुड़े हर एक बिंदु को परखा गया। मॉक ड्रिल की इस पूरी तैयारियों को परखने के लिए डीएम, एसपी व पर्यवेक्षक अन्य मातहतों के साथ एनआईसी सभागार में मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने डी ब्रीफिंग भी की। सिपाही भर्ती परीक्षा की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क व सक्रिय कर दिया गया है।
उप्र पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा पेपर लीक के चलते रद्द हुई सिपाही भर्ती परीक्षा 23 से 31 अगस्त के मध्य जिले के निर्धारित नौ परीक्षा केंद्रों पर होगी। इसके लिए शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, जनेस्मा, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज, जमीलुर्रहमान किदवई गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज देवा, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सतरिख, राजकीय इंटर कॉलेज बरौली जाटा एवं राजकीय पॉलीटेक्निक जहांगीराबाद को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
डीएम ने कहा कि हर दिन पहली पाली में सुबह 10 से 12 बजे तक एवं शाम को तीन से पांच बजे तक परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा छूटने पर ट्रैफिक जाम की परेशानी न हो, इस पर भी मंथन किया गया। एसपी ने बताया कि यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक चार्ट भी तैयार कर लिया गया है।
सब कुछ कैमरे की नजर में होगा। सभी केंद्रों पर सैकड़ों वाइस युक्त रिकार्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था जुटाने वाली कार्यदायी संस्थाओं के साथ मिलकर सुरक्षा से जुड़े हर एक बिंदु पर नजर रखी जा रही है। डी ब्रीफिंग में सभी को बताया गया है कि परीक्षा के दौरान क्या करना है।