आकांक्षी ब्लॉक निंदूरा में मुख्यालय से लेकर गांवों में चला सफाई अभियान, हो रही रंगाई-पुताई
फोटो 53
संवाद न्यूज एजेंसी
कुर्सी (बाराबंकी)। आगामी 11 फरवरी को नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परमेश्वन अय्यर के दौरे को लेकर आकांक्षी ब्लॉक निंदूरा में तैयारियां तेज हो गई है। पूरे ब्लॉक में युद्ध स्तर पर साफ-सफाई रंगाई पुताई चल रही है। ब्लॉक मुख्यालय पर दर्जनों सफाई कर्मी वर्षों से जमी गंदगी हटाने में जुट गए हैं। ग्राम पंचायत कुर्सी, अनवरी व चकिया में अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने के साथ सफाई कार्य चल रहा है।
तैयारियों को लेकर बुधवार को डीपीआरओ रोहित भारती ने ग्राम पंचायत चकिया का निरीक्षण किया, जहां सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन के अलावा एक सैकड़ा व्यक्तिगत शौचालयों को देखा गया। सामुदायिक शौचालय में पानी की टंकी बहती मिली, जिसके ठीक कराने के साथ व्यापक सफाई करने के निर्देश दिए। अधिकांश व्यक्तिगत शौचालय देखरेख के अभाव में जीर्ण शीर्ण मिले। लाभार्थियों को इनकी मरम्मत कराने के लिए कहा गया।
प्राथमिक विद्यालय में हैंडपंप का पानी मैदान में बहता मिला। इस पर प्रधान को सोख्ता गड्ढ़ा खुदवाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला सलाहकार उद्धव राय, ज्ञानेंद्र सैनी, एडीओ पंचायत अनिल सिंह, खुशबू राय, ग्राम प्रधान के अलावा अन्य तमाम लोग मौजूद रहे।