बाराबंकी। कोडिन युक्त कफ सिरप और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को लेकर हुई जांच में तीन मेडिकल स्टोरों की संलिप्तता उजागर होने पर अब इनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया और तेज कर दी गई है। यदि इनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है तो इनका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
औषधि निरीक्षक रजिया बानो ने एसओजी प्रभारी अंकित त्रिपाठी के साथ करीब 15 दिन पहले भानमऊ चौराहा स्थित मनीष मेडिकल स्टोर पर छापा मारा था। यहां पर करीब 300 शीशी कोडिन युक्त कफ सिरप मिली थी। बिक्री पर रोक लगाते हुए मेडिकल स्टोर को बंद करा दिया गया था। इसके बाद नवीगंज स्थित एमआर मेडिकल और सुषमा मेडिकल की भी जांच की गई थी यहां पर भी कोडिन युक्त कफ सिरप और आरएक्स की दवाएं बिना डॉक्टर के परचे के बेची जा रही थीं।
जांच के दौरान मेडिकल स्टोर संचालक कोई अभिलेख नहीं दिखा पाए थे जिस पर इन दाेनों मेडिकल स्टोरों को भी बंद करा दिया गया था। औषधि निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।