सूरतगंज। एंबुलेंस के ईएमटी की सूझबूझ से एक गर्भवती महिला का रास्ते में सुरक्षित प्रसव कराया गया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। शुक्रवार देर रात बीबीयापुर निवासी उमाशंकर की पत्नी प्रेमावती को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजन ने तत्काल 102 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस प्रेमावती को लेकर सीएचसी सूरतगंज आ रही थी। सुढियामऊ-सूरतगंज मार्ग स्थित ढेढीपुलिया के पास उसे तेज प्रसव पीड़ा हुई। ईएमटी राहुल और चालक धर्मेंद्र कुमार ने गंभीरता समझते हुए सामान्य प्रसव कराया। अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी ने बताया कि दोनों की स्थितियां ठीक हैं।