बाराबंकी। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की वर्ष 2022 की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार देर शाम जारी हो गया। जिले की दो बेटियों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर परिजनों व जिले का नाम रोशन किया है। एक बेटी का चयन खंड विकास अधिकारी व दूसरी का नायब तहसीलदार के पद पर हुुआ है। रामसनेहीघाट के सोहिलपुर हथौंधा स्थित रानी शांति देवी सोशल वेलफेयर एंड एजुकेशनल कॉलेज में शिक्षिका प्रतिभा चौरसिया का चयन खंड विकास अधिकारी के पद पर हुआ है। रामसनेहीघाट निवासी कपड़ा व्यवसायी रमेश कुमार जैन की पुत्री रेशू जैन ने भी पीसीएस की परीक्षा उत्तीर्ण की है। रेशू का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। रेशू की मां गृहिणी हैं और एक बहन व भाई भी हैं। रेशू रामार्पित डिग्री कॉलेज, गाजीपुर में एमए (प्रथम वर्ष) की पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दिया है। परिणाम आने के बाद कॉलेज के प्रबंधक प्रांजल सिंह समेत परिवार के लोगों व रिश्तेदारों ने बधाई दी है।