अमेठी। करीब सात महीने से दूसरी एजेंसियों से सिलिंडर लेने को मजबूर प्रकाश गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं को अब राहत मिलेगी। एजेंसी बहाल होने के बाद उपभोक्ताओं के कनेक्शन फिर से प्रकाश गैस एजेंसी में स्थानांतरित किए जाएंगे।
एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं के कनेक्शन तहसील की आठ अन्य गैस एजेंसियों में भेजे गए थे। इससे उन्हें बुकिंग और सिलिंडर आपूर्ति के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि दूसरी एजेंसियों में स्थानांतरित कनेक्शन वापस कराए जाएंगे। जल्द ही पहले की तरह उपभोक्ताओं को घर पर ही गैस सिलिंडर की आपूर्ति मिलने लगेगी।
क्या था मामला
पांच अप्रैल को प्रकाश गैस एजेंसी के गोदाम में विभागीय पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध सिलिंडरों की संख्या में अंतर मिला था। जांच में 641 भरे सिलिंडर कम और 442 खाली सिलिंडर अधिक पाए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने एजेंसी का संचालन बंद करा दिया था। पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर एजेंसी संचालक के खिलाफ अमेठी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए उनके कनेक्शन तहसील की आठ अन्य एजेंसियों में स्थानांतरित किए गए थे।