जैदपुर। उमस भरी गर्मी के बीच शुक्रवार को 33 केवी लाइन में फाॅल्ट आने से जैदपुर कस्बे समेत करीब 300 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह करीब 11 बजे बिजली गुल होने के बाद पावर कॉरपोरेशन के संविदा कर्मचारी फाल्ट तलाशने में जुट गए। करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र में कई घंटे तलाश के बाद शाम पांच बजे पंडरा जंगल के पास 33 केवी लाइन के बॉक्स का तार जला हुआ मिला। इसके बाद मरम्मत का कार्य शुरू किया गया और करीब दो घंटे बाद शाम सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
जैदपुर बिजली उपकेंद्र से कोठी समेत करीब 300 गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि 33 केवी लाइन में आए दिन फाल्ट होने से बिजली कटौती की समस्या बनी रहती है। पंडरा ट्रांसमिशन से जैदपुर उपकेंद्र तक एक ही लाइन से आपूर्ति होने के कारण लाइन पर अधिक लोड रहता है, जिससे बार-बार फाल्ट की समस्या सामने आती है।
अधिशासी अभियंता विमलेश कुमार का कहना है कि फॉल्ट को दुरुस्त कराकर बिजली आपूर्ति शुरू कराई गई। उधर, बड्डूपुर के डफरपुर चौराहे पर महज कुछ ही दिनों में ओवरलोडिंग के कारण ट्रांसफार्मर चार बार फुंक चुका है। हर बार बिजली आपूर्ति ठप होने से चौराहे के दुकानदारों, लघु उद्योग संचालकों और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। (संवाद)