बाराबंकी। बिजली व्यवस्था ने शहर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शहर के मोहल्ला पीरबटावन में 11 हजार लाइन में फाल्ट आने से छह इलाकों की बिजली आपूर्ति साढ़े चार घंटे बाधित रही। पंखे, कूलर और इनवर्टर तक जवाब देने लगे, जिससे करीब 60 हजार की आबादी को परेशानी झेलनी पड़ी।
शहर में शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे 11 हजार बिजली लाइन में फाल्ट आ गया इससे सत्यप्रेमीनगर, कटरा, पीरबटानव, भीतरी पीरबटावन समेत छह मोहल्ले की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर कर्मचारी पहुंचे लेकिन करीब साढ़े चार घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो सकी। वहीं कोटवाधाम क्षेत्र में बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। खासतौर पर दोपहर के समय बिजली आपूर्ति बंद किए जाने से करीब 300 से अधिक गांवों की करीब ढाई लाख आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पावर कॉरपोरेशन द्वारा किसानों की फसलों को आग से बचाने के नाम पर पिछले दो दिनों से दोपहर 11 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली कटौती की जा रही है। कटौती से पहले विभाग की ओर से सुबह मेसेज भेजकर सूचना दी जाती है, जिसके बाद निर्धारित समय पर आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इस व्यवस्था के तहत कोटवाधाम, सरायदुनौली और टिकैतनगर उपकेंद्रों से जुड़े सभी गांव प्रभावित हो रहे हैं। भीषण गर्मी में दिन के समय बिजली न मिलने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
एसडीओ राजवीर सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में आग लगने की घटनाओं से फसलों को हो रहे नुकसान को देखते हुए बिजली आपूर्ति का रोस्टर बदला गया है। एक-दो दिनों में स्थिति की समीक्षा कर रोस्टर में संशोधन किया जाएगा।