बाराबंकी। अंधाधुंध बिजली कटौती से शहरवासी परेशान हैं। बृहस्पतिवार को भी लोग बिजली के साथ ही पानी की किल्लत से बेहाल रहे। लोकल फाल्ट के चलते भी बिजली बेहिसाब कटी। शहर में श्रीराम कॉलोनी व जैदपुर में पूरी रात बिजली गुल रही। शहर में अलग-अलग हिस्सों में सुबह से शुरू हुआ कटौती का सिलसिला देर रात तक नहीं थमा। इस दौरान गर्मी और उमस से तो लोग बेहाल रहे ही, पेयजल का संकट भी झेलना पड़ा।
पारा बढ़ने के साथ ही जिले में बिजली संकट गहराने लगा है। शहर में हैदरगढ़ रोड पर रखे ट्रांसफार्मर की केबल जलने से मुनेश्वर विहार, कार्तिक विहार की बिजली गुल हो गई। इससे दस हजार आबादी प्रभावित रही। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने तार दुरुस्त किया लेकिन कुछ देर बाद केबल फिर जल गई।
बिजली आपूर्ति बाधित होने सेे लोग चार घंटे परेशान रहे। लखपेड़ाबाग में भवानी नीम के पास ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने से बिजली लखपेड़ाबाग मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। जिससे करीब बीस हजार आबादी को तीन घंटे बिना बिजली की रात गुजारनी पड़ी।
श्रीराम कॉलोनी में बुधवार रात ग्यारह बजे एबीसी लाइन जलने से श्रीराम कॉलोनी के एक भाग में बिजली गुल हो गई। सूचना पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने तार दुरुस्त किया लेकिन कुछ देर बाद तार फिर जल गया। सूचना दी गई लेकिन कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा जिससे कॉलोनी के करीब एक हजार बाशिंदों को बिन बिजली रात गुजारनी पड़ी।
गुरुवार सुबह बिजली न होने से लोग पानी के लिए परेशान रहे। करीब साढ़े सात बजे बिजली आने पर राहत की सांस ली। मोहारीपुरवा, मकदूमपुर, आवास विकास, आजाद नगर, दीनदयाल नगर, शिवाजीनगर में लोकल फॉल्ट के चलते बिजली गुल रही वहीं लोग लो-वोल्टेज से परेशान रहे। पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता आरके मिश्र का कहना है कि लोड बढ़ने के कारण फाल्ट अधिक हो रहे हैं। टीम को फाल्ट तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
जैदपुर सब स्टेशन पर बुधवार की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे सब स्टेशन के फीडर की मशीन में लगी ट्रॉली दग गई। जिससे कस्बावासियों को पूरी रात अंधेरे और गर्मी में गुजारनी पड़ी। पावर हाउस में तैनात कर्मचारी फीडर में लगी ट्रॉली नहीं बदल पाए।
इससे कस्बे की पचास हजार आबादी को पूरी रात बगैर बिजली गुजारनी पड़ी। गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे पुरानी ट्रॉली के सहारे से बिजली आपूर्ति शुरू की गई। जेई संदीप यादव का कहना है कि ट्रॉली जलने की सूचना अधिकारियों को दी गई है। फिलहाल अभी पुरानी ट्रॉली से बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई है।
ग्रामीणों ने घेरा बिजली उपकेंद्र, प्रदर्शन
हैदरगढ़। सुबेहा विद्युत सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति में बाधा व लो-वोल्टेज के कारण भीषण गर्मी में लोग परेशान हैं। सुनवाई नहीं होने पर आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बुधवार की देर शाम उपकेंद्र का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। सुबेहा बिजली उपकेंद्र के पलिया फीडर से जुड़े इस्माइलपुर सहित अन्य कई गांवों में बिजली आपूर्ति कई दिन से बाधित है।
बिजली आने पर भी लो वोल्टेज के कारण कोई लाभ नहीं मिलता है। बुधवार को चिरैया फीडर की बिजली भी बाधित हो गई। उपकेंद्र पर तैनात बिजली कर्मियों के फोन नहीं उठाए जाने पर आक्रोशित ग्रामीण उपकेंद्र पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन किया। उपकेंद्र पर मौजूद कर्मचारियों का फोन भी विभागीय अफसरों ने नहीं उठाया है।
सुशील, बबलू शुक्ला, अशोक, विनय, तत्तू, सुक्खू, धर्मराज, उदय, अनिल मौजूद रहे। देर रात लाइनमैन के लाइन जोड़ने पर लोग शांत हुए लेकिन लो वोल्टेज से परेशानी जस की तस बनी हुई है। पावर कॉर्पोरेशन के अधिशाषी अभियंता सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि लाइन ठीक करा कर आपूर्ति में सुधार कराया जाएगा। (संवाद)