बाराबंकी। बारिश के चलते जिले में बाधित हुई बिजली आपूर्ति दूसरे दिन गुरुवार को भी नहीं शुरू हो सकी। हैदरगढ़, फतेहपुर, रामसनेहीघाट और रामनगर के कई गांवों में बीते 36 घंटे बीतने के बाद भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। जिले भर में इससे करीब डेढ़ लाख आबादी प्रभावित है।
बेमौसम हुई बारिश से बुधवार को चरमराई बिजली व्यवस्था गुरुवार को भी पटरी पर नहीं आ सकी। बीते 36 घंटे से ठप बिजली आपूर्ति ने परेशानी बढ़ा दी। बिजली गुल होने से जहां लोगों की रात की नींद हराम हो रही है वहीं दिन का चैन भी गायब हो रहा है। बिजली खंभे व टूटे तार दुरुस्त कराने में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं। फतेहपुर में बेलहरा उपकेंद्र में आई खराबी के कारण रंजीतपुर, बसारी, छेदा, गौरासैलक, भेरिया समेत आठ गांव की बिजली आपूर्ति बीते 36 घंटे से ठप है।
इससे करीब 60 हजार आबादी प्रभावित है। रामसनेहीघाट में अलादादपुर में बुधवार को बारिश केे चलते खंभा गिरने से तार टूट गए थे, जिससे अलादादपुर, जैदपुर, कोटवासड़क समेत पांच गांव की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी, गुरुवार को भी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इससे करीब 35 हजार आबादी प्रभावित है।
रामनगर में उपकेंद्र में ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण डूडी फीडर से आपूर्ति बंद रही जिससे खजुरिहा, सफीपुर, राजापुर, भवानीपुर, ददरौली, मधवापुर समेत करीब 15 गांव की 25 हजार आबादी प्रभावित है। हैदरगढ़ में कनवा गांव के पास पेड़ गिरने से टूटी लाइन गुरुवार को भी दुरुस्त नहीं हो सकी। जिससे कस्बा हैदरगढ़ की करीब 30 हजार आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर पंचायत द्वारा जनरेटर चलाकर जलापूर्ति की गई। सभी स्थानों पर गुरुवार शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। पावर कॉर्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता संजीव राणा का कहना है कि कई जगह खंभे गिरने व तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है, लाइनों का दुरुस्त किया जा रहा है। कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं, शाम तक बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
सुहावना हुआ मौसम
मौसम में अचानक आए बदलाव से मई में फरवरी जैसी ठंडक का अहसास हो रहा है। लगातार दो दिन से सूर्यदेव ने दर्शन नहीं दिए हैं। गुरुवार को भी आसमान में बादल छाए रहे। चल रही शीतल हवा ने खूब राहत दी। सिविल लाइन, कंपनीबाग समेत कई इलाकों में लोगों ने घरों से निकलकर खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठाया। युवक व युवतियां सेल्फी लेते नजर आए। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।