दरियाबाद। स्थानीय कस्बे के निकट रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज के कारण मार्ग डायवर्जन से दरियाबाद से मोहम्मदपुर कीरत मार्ग भारी वाहनों के दबाव के कारण पूरी तरह से जर्जर हो गया है। दरियाबाद रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण के चलते दरियाबाद-भिटरिया मार्ग के भारी वाहनों को दरियाबाद-मोहम्मदपुर कीरत मार्ग पर डायवर्ट किया गया है। डायवर्जन के कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव बहुत बढ़ गया है। लगातार आवागमन कर रहे भारी वाहनों के कारण लालपुर गुमान और बीकापुर के बीच यह सड़क धंस कर बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है। स्थानीय निवासी श्रवण, अतुल, रमजान, मुकेश, और संतोष ने बताया कि सड़क की खराब हालत के चलते वाहनों के पलटने का भय बना रहता है। उन्होंने बताया कि इस रास्ते पर स्कूल के बच्चों सहित दो व्यक्ति गिरकर घायल भी हो चुके हैं। कई बार शिकायत के बावजूद सड़क ठीक नहीं कराई जा रही है। लोक निर्माण विभाग (खंड एक) के जेई संजय यादव ने बताया कि जल्द ही मार्ग को दुरुस्त करवाकर आवागमन सुगम किया जाएगा।