बाराबंकी। कोरोना के मरीजों के बढ़ने का सिलसिला जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीन दिन से लगातार संक्रमित मिल रहे हैं। सोमवार को सिद्वौर क्षेत्र के तीन युवक कोराना पॉजिटिव पाए गए। तीनों युवक पिछले दिनों दूसरे राज्यों से लौटे थे। जांच रिपोर्ट आने के बाद उन्हें उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके गांवों को सील करते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस बीच सोमवार को युवक स्वस्थ हुआ है। उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके साथ ही जिले में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
कोरोना संक्रमित मिले तीनों युवक सिद्धौर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें से एक युवक 25 मई को गुजरात के सूरत तथा दो युवक महाराष्ट्र से लौटे थे। 28 मई को स्वास्थ्य विभाग टीम ने संदिग्ध पाए जाने पर तीनों का सैंपल जांच के लिए भेजा था। तीनों को होम क्वारंटीन कराया था। सोमवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने की सूचना के बाद उनके गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीनों युवकों को हिंद अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया है। उधर गांवों की सीमाओं को सील करा दिया गया है। आवागमन पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। गांवों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि तीनों युवकों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन्हें उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव की सीमाओं को सील कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।