बाराबंकी। कोरोना वैक्सीन की सुरक्षा को लेकर पुलिस के जवानों को शुक्रवार को प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी/ नोडल अधिकारी एंटी कोरोना सेल आरएस गौतम की अध्यक्षता में 135 महिला व पुरुष कर्मियों को ट्रेनिंग दी गई।
एएसपी ने कहा कि जिले में कोविड-19 के वैक्सीनेशन के लिए निर्धारित 66 केंद्रों पर ड्राई रन की प्लानिंग की गई है। ऐसे में वैक्सीन की सुरक्षा को लेकर प्रत्येक केंद्र पर एक महिला व एक पुलिस पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जानी है। ये पुलिस कर्मी ड्यूटी पर रहकर किस प्रकार सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे इसके टिप्स दिए गए।
एएसपी ने कहा कि केंद्र पर वैक्सीनेशन के दौरान वह लोगों से मधुर एवं शालीन व्यवहार करें। प्रशिक्षित पुलिस कर्मी केंद्रों पर उपस्थित रहकर शासन द्वारा निर्धारित किये गये कार्यों को अनुशासित ढंग से सम्पन्न कराने में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर डिप्टी सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार भी मौजूद रहे।