बाराबंकी। रेल रोकने जा रहे भाकियू कार्यकर्ताओं को पुलिस और प्रशासन ने निबलेट तिराहे के पास रोक लिया। एसडीएम सदर ने किसानों से वार्ता की और उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
भाकियू जिलाध्यक्ष विक्रांत सैनी की अगुवाई में किसान रविवार को रेल रोको आंदोलन कार्यक्रम के तहत बेगमगंज स्थित कार्यालय पर एकत्र हुए। रेल रोकने के लिए निकले किसानों को पुलिस ने निबलेट तिराहे पर रोक लिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर विजय कुमार द्विवेदी व सीओ सिटी जगतराज कनौजिया ने किसानों से वार्ता कर उनका ज्ञापन लिया। जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि किसानों के हित के लिए एमएसपी गारंटी कानून बनाया जाए। किसानों का कर्ज माफ किया जाए और साथ में गरीब किसानों को 300 यूनिट बिजली अन्य प्रदेशों की तरह मुफ्त दी जाए।
लखीमपुर खीरी में मृतक किसानों को अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है भारत सरकार सभी मांगों को पूरा करें। इस मौके पर राजकुमार गुप्ता, मो. जुनेद, शहाबुद्दीन, मो. इस्माइल, इरफान, फूलचंद यादव, विनोद बाथम, संजय यादव आदि मौजूद रहे।