बाराबंकी। पुलिस विभाग के प्रस्ताव पर शासन की मुहर लगी तो जिले को 11 नए थाना, तीन सीओ सर्किल और एक एसपी सिटी और मिल जाएंगे। एसपी का पद भी उच्चीकृत कर एसएसपी का हो जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में 11 थानों में से छह को राजस्व विभाग ने जमीन भी मुहैय्या करा दी है। पांच अन्य थानों के लिए जमीन की तलाश की जा रही हैं। ऐसा होने पर जनता को न्याय पाने के लिए दूर भटकने से निजात मिल जाएगी।
जिले में बढ़ती आबादी के हिसाब से आम आदमी को आसानी व कम समय में पुलिस से न्याय दिलाने की मंशा के अनुरूप पुलिस विभाग ने शासन को एक प्रस्ताव भेजा था। इसमें माती, बंकी, औद्योगिक क्षेत्र उमरा, सिद्धौर, हरख, सआदतगंज, सूरतगंज, त्रिलोकपुर, भिलवल, हथौंधा और केवाड़ी को थाना बनाने का प्रस्ताव है। जिन स्थानों पर थाना बनाए जा रहे हैं।
वहां के आसपास के लोग अभी 10 से 15 किलोमीटर सफर तय करके थाने पहुंच पाते हैं। यदि ये थाने बन गए तो आम जनता को न्याय के लिए दूर तक भटकना नहीं पड़ेगा और तीन से पांच किलोमीटर के अंदर ही थाने पहुंच जाएंगे।
यहीं नहीं फतेहपुर सर्किल में निंदूरा, हैदरगढ़ में कोठी तथा वर्तमान में सीओ सिटी और सदर सर्किल में एक नई सर्किल बनाने का प्रस्ताव पुलिस ने शासन को भेजा है। इस प्रस्ताव में अभी तक एएसपी उत्तरी और दक्षिणी के अलावा एक एसपी सिटी का नया पद होगा। इस तरह यदि शासन की अनुमति मिली तो जिले में छह की जगह नौ सीओ और तीन एएसपी होंगे। इतना ही नहीं एसपी का पद अब उच्चीकृत कर एसएसपी रैंक का होगा। (संवाद)
कानून व्यवस्था और सुदृढ़ बनाने के लिए थानों के साथ तीन नए सर्किल बनने का प्रस्ताव है। इसमें निंदूरा व कोठी के साथ सिटी में भी एक सर्किल बढ़ाया जाएगा। इसके साथ जहां एसपी सिटी की तैनाती के साथ अब तीन एएसपी होंगे। वहीं एसपी का पद उच्चीकृत कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की तैनाती होगी। भूमि मिलने के बाद इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
-पूर्णेंदु सिंह, एएसपी उत्तरी