बाराबंकी। चोरों के गिरोह पर शिकंजा कसते हुए मसौली पुलिस ने छह बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके पास से हजारों की नकदी व सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
एएसपी उत्तरी आरएस गौतम ने रविवार को पुलिस लाइंस सभागार में पत्रकार वार्ता में बताया कि मसौली थाना प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शर्मा व उनकी टीम ने छह चोर पकड़े हैं। पकड़े गए आरोपियों में निजाम वारिस, मेहरोज, खलील निवसी मसौली व शरीफ, आरिफ निवासी मोहल्ला मस्ताननगर मसौली व जैद निवासी नालापार दक्षिणी थाना फतेहपुर को शनिवार रात मसौली कस्बे से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न स्थानों से चुराए गए तीन गैस सिलेंडर, एक बैटरी, जनरेटर, इंजन के पार्ट्स, 2150 रुपये नकद, साइकिल के साथ चाकू, तमंचा और कारतूस बरामद किया है। सीओ रामनगर दिनेश दुबे ने बताया कि ये चोर ग्रामीण व शहरी इलाकों में भ्रमण कर रेकी करने के बाद वारदात को अंजाम देते हैं।
पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से सभी जेल भेज दिए गए। वहीं इस गिरोह के अन्य आरोपियों का भी पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है।