देवा। देवा मेले में सोमवार देर रात 102वें मुशायरे का आयोजन किया गया। ऑडिटोरियम में देशभर से आए नामचीन शायरों ने अपनी गजलों और नज्मों से श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। किसी ने इश्क और इंसानियत का पैगाम दिया तो किसी ने जिंदगी के फलसफे को शायरी के जरिये पेश किया। शायरों के कलाम पर पंडाल तालियों से गूंजता रहा।
विज्ञापन
कार्यक्रम का शुभारंभ इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति इरशाद अली, न्यायमूर्ति जफीर अहमद, न्यायमूर्ति कमर हसन रिजवी, पूर्व वित्त सचिव सैय्यद शाहिद मंजर अब्बास रिजवी और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने संयुक्त रूप से किया। मुशायरे की अध्यक्षता न्यायमूर्ति इरशाद अली ने की, जबकि संचालन मशहूर शायर नदीम फर्रुख ने किया। मुशायरे में अज्म शाकिरी ने ''''बेच आए हैं खुद को सस्ते में, अब खड़े रो रहे हैं रास्ते में...'''' सुनाकर दाद बटोरी। फैज खुमार बाराबंकवी ने ''''तमाम कोशिशें बेकार हो गईं आखिर, जमाने हम तो तेरे सांचे में ढल नहीं पाए...'''' सुनाया। उस्मान मिनाई और डॉ. नदीम शाद ने भी अपने शेरों से श्रोताओं को प्रभावित किया। उत्तराखंड से आए अफजल मंगलौरी ने वारिस पाक की महिमा के साथ मोहब्बत और एकता का संदेश दिया।
विज्ञापन
खुर्शीद हैदर ने ''''गैर परों पर उड़ सकते हैं हद से हद दीवारों तक, अंबर पर तो वही उड़ेंगे जिनके अपने पर होंगे'''' सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। वहीं, शकील आजमी ने मां की अहमियत बयां करते हुए कहा, ''''खुदा भी खूब है, भगवान की सूरत भी सुंदर है, मगर जब मां नहीं होती तो घर पूरा नहीं होता।'''' इस शेर पर पूरा ऑडिटोरियम भावुक हो गया और कई श्रोताओं की आंखें नम हो गईं। शायर नदीम फर्रुख और शायरा शबीना अदीब ने भी अपने कलाम पेश किए। शबीना अदीब ने गरीबों की मदद का संदेश देते हुए कहा, ''''कुछ गरीबों के दिन भी संवर जाएंगे, आप अपनी जरूरत को कम कीजिए।'''' इस मौके पर साहित्यिक पत्रिका आबशार-2026 और डॉ. अंजुम बाराबंकी की पुस्तक ''''सौगात पक्के रंगों की'''' का लोकार्पण किया गया। साहित्य के क्षेत्र में योगदान के लिए वरिष्ठ शायर वसीफ फारूकी को अदब अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश प्रतिमा श्रीवास्तव मौजूद रहीं। मुख्य संयोजक चौधरी तालिब नजीब कोकब समेत मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों और शायरों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।