बाराबंकी। पंचायत चुनाव से पहले प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत अब 14 हजार से अधिक पात्रों का पक्की छत मुहैया होगी। केंद्र सरकार ने चार हजार और आवासों का लक्ष्य जिले को सौंपा है। इससे पहले 10 हजार 127 आवासों का ही लक्ष्य मिला था।
योजना के तहत अब पात्रों का पक्के घर का सपना जल्द पूरा हो सकेगा। जिम्मेदार अधिकारियों के मुताबिक 28 दिसंबर को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री सीधे एक क्लिक से लाभार्थियों को खाते में पहली किस्त की धनराशि भेजेंगे। इसको लेकर विभाग तैयारी करने में जुटा है।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना को लेकर शासन स्तर से पहली बार ब्लॉकवार निर्धारित लक्ष्य का आवंटन किया गया है। एक हफ्ते पहले 10 हजार 127 पात्रों का लाभान्वित करने का लक्ष्य सौंपा गया था।
इसको लेकर तैयारियां हो रही थीं कि सोमवार को जिले को करीब चार हजार और आवासों का लक्ष्य मिल गया है। अब पंचायत चुनाव से पहले कुल 14 हजार 127 पात्रों को आवास का लाभ देने की तैयारी शुरू कर दी गई है। जिम्मेदार अधिकारी बताते हैं कि आगामी 28 दिसंबर को प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री आवास निर्माण की पहली किस्त के रूप में 40-40 हजार रुपये की धनराशि लाभार्थियों के खाते में भेजेंगे।
प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत अब 14 हजार 127 लाभार्थियों को आवास का लाभ दिया जाएगा। जिले को चार हजार और आवासों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिसे ब्लॉकों को आवंटित कर पात्रों को लाभान्वित करने के निर्देश बीडीओ को दिए गए हैं।
भोलानाथ कनौजिया, परियोजना निदेशक, डीआरडीए, बाराबंकी