जनेस्मा डिग्री कॉलेज के सामने तोड़े गए चबूतरे। संवाद
बाराबंकी । नगर में बस स्टेशन से पुलिस लाइन चौराहे के मध्य जनेस्मा के सामने रविवार को लोहे की सभी दुकानें हटा दी गईं। इसके साथ ही चबूतरे भी खोदकर जमीन बराबर कर दी गई। अब बस स्टेशन से पुलिस लाइन चौराहे तक सड़क बेहतर तरीके से बनाई जाएगी। नगर पालिका अब सब्जी व फल विक्रेताओं के लिए मॉडल चबूतरे बनाएगी।
रविवार को तहसीलदार नवाबगंज शरद सिंह, ईओ नगर पालिका संजय कुमार शुक्ल अधीनस्थ कर्मचारियों व पुलिस के साथ पूरा दिन वहीं डटे रहे। काम पूरा होने के बाद ही हटे। 108 चबूतरों का आवंटन वर्ष 2015 में सब्जी की दुकान लगाने के लिए किया गया था लेकिन शर्तों के विपरीत लोगों ने चबूतरों को बेच दिया।
चबूतरों पर सब्जी के बजाय लोहे की बड़ी-बड़ी दुकानें रखकर अन्य कारोबार शुरू कर दिया गया। इससे सब्जी वाले फिर पटरी पर दुकानें लगाने लगे और ग्राहक सड़क पर वाहन सहित खड़े होकर खरीदारी करने लगे। ऐसे में रोज जाम की स्थिति बनने लगी थी। आवंटन की शर्तों के विपरीत लोहे की दुकानें रखने के संबंध में नगर पालिका ने कई बार नोटिस दिया पर कोई नतीजा नहीं निकला।
बेहतर तरीके से बनवाई जाएगी सड़क
जनेस्मा के सामने की सड़क बेहतर तरीके से बनवाई जाएगी। सब्जी व फल विक्रेताओं के लिए माॅडल चबूतरे बनवाए जाएंगे ताकि नागरिकों के साथ ही पटरी दुकानदार भी अच्छा महसूस करें।
-शशांक त्रिपाठी, डीएम, बाराबंकी