बाराबंकी। पूर्व डिप्टी सीएम व राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना ही कहा कि कुंभ को गाली देने वालों के लिए नर्क में जगह बची है। उन्होंने कहा कि जैसे वरुण को हर जगह पवित्रता दिखती है वहीं गिद्ध को हर जगह मांस के लोथड़े की तलाश रहती है। इसी प्रकार कुछ लोग सनातन को खंड-खंड करने में लगे रहते हैं परंतु ऐसा करने वालों को कोई पूछ नहीं रहा है।
राज्य सभा सांसद ने शनिवार को जिला सहकारी बैंक सभागार में आयोजित कार्यक्रम बजट पर चर्चा के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि महाकुंभ जैसा बड़ा आयोजन करना आसान नहीं है। अमेरिका जैसे देश इस पर रिसर्च कर रहे हैं कि आखिर प्रदेश सरकार ने इतना बड़ा आयोजन पूरी सफलता के साथ कैसे निपटाया। कहा कि प्रियंका और राहुल का कुंभ में स्वागत है बस उनकी दृष्टि अच्छी होनी चाहिए। चुटकी भी ली कुंभ में स्नान के बाद उम्मीद है कि कांग्रेस के एक और वारिस मिल जाए।
कहा कि यूपी चुनाव में दो लड़कों की जोड़ी आई थी। दिल्ली चुनाव में यह दोनों लड़के खो गए। आपस में इतना लड़े की गठबंधन की गांठ ही खुल गई। अब इनकी वापसी होने वाली नहीं है। कहा कि कुंभ में सनातन की शक्ति देख दुनिया आश्चर्यचकित है। 50 करोड़ लोग कुंभ में पहुंच चुके हैं। इससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि योगी बाबा को बुलडोजर बाबा नहीं बल्कि अर्थव्यवस्था बाबा कहा जाए तो ज्यादा बेहतर होगा। इस मौके पर विधायक हैदरगढ़ दिनेश रावत, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, हरगोविंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
अयोध्या के साथ बाराबंकी का होगा विकास
राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि बजट में किसानों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं तथा मध्यम वर्ग को ध्यान में रखा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय के मंत्र को ध्यान में रखते हुए बजट पेश किया है। कहा कि जब अयोध्या और लखनऊ का विकास होगा तो बाराबंकी का भी विकास होगा।