दरियाबाद (बाराबंकी)। नगर पंचायत में जलापूर्ति करने वाली पानी की पाइप लाइन अचानक फट गई जो 24 घंटे बाद भी दुुरुस्त नहीं हो सकी। इससे करीब 30 हजार लोग पानी के लिए भटकते रहे। टैंकर से मोहल्लों में पानी पहुंचाया गया तो पानी लेने के लिए लोगों की लाइन गई। पानी खत्म होने पर लोग इंतजार भी करते रहे। मंगलवार शाम तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी।
नगर पंचायत दरियाबाद में जर्जर और पुराने पाइप लाइन से जलापूर्ति की जाती है। सोमवार को दोपहर 12 बजे नगर पंचायत के मुख्य चौराहे समीप पाइप लाइन फट गई। दोपहर में ही सूचना के बाद नगर पंचायत की टीम ने काम शुरू किया। सर्दी के चलते काम की गति धीमी रही। खोदाई करने के बाद पाइप लाइन में भरा पानी निकाला गया। मंगलवार की सुबह नगर पंचायत के कर्मी पाइप लाइन की मरम्मत के लिए फिर जुटे। मंगलवार की शाम तक पाइप लाइन की मरम्मत नहीं हो पाई थी।
मुख्य मार्ग पर गड्ढा खोदने के कारण आवागमन बाधित हुआ। भारी वाहनों के निकलने पर जाम की समस्या रही। इस दौरान नगर पंचायत के 13 वार्डों में टैंकरों से जलापूर्ति की गई। कई मोहल्लों में पानी देर से पहुंचा, जहां लोग पानी के लिए तरसते रहे। अधिकांश लोगो ने हैंडपंप का सहारा लिया। ईओ शीलू अवस्थी ने बताया कि पाइप लाइन में लीकेज अधिक था, इसे ठीक करने के लिए कर्मचारी लगाए गए हैं। जल्द ही पाइप लाइन को ठीक करके आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।