बाराबंकी। बाराबंकी-बहराइच राजमार्ग पर सरयू नदी पर संजय सेतु की मरम्मत के कारण पीपे का पुल बनाया जा रहा है। पुल निर्माण की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। 15 अप्रैल से पहले इसे तैयार करने का लक्ष्य है लेकिन जिस तरह काम तेजी से चल रहा है। उसे देखते हुए 15 अप्रैल से पहले पीपे का पुल तैयार होने की उम्मीद है।
सरयू नदी का जलस्तर दो अप्रैल को कुछ बढ़ने के बाद बाराबंकी की तरफ बहने वाली धारा में दो-दो पीपा और लगाने पड़े। दोनों पुलों में लगने वाले सभी पीपा अब लग चुके हैं। बहराइच की तरफ से आने वाले पुल पर लकड़ी के स्लीपर कुछ हिस्से में लगने बाकी हैं। स्लीपर लगने के बाद दोनों तरफ रेलिंग बनाई जाएगी। बाराबंकी की तरफ सड़क से पुल तक जाने के लिए एप्रोच मार्ग पर खंडजा लग गया है। बहराइच की तरफ के एप्रोच मार्ग की पटाई कर खंडजा लगना शुरू हो गया है। नदी के रेतीले हिस्सों में लोहे की चद्दर सीट डाली गई है, जिससे आवागमन में कोई दिक्कत न हो।
इस मार्ग से प्रतिदिन पांच-छह हजार छोटे वाहन गुजरते हैं। गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर और नेपाल के बॉर्डर से आने-जाने वालों को संजय सेतु की मरम्मत अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्ग से आवागमन काफी आसान हो जाएगा।