बाराबंकी। बिना फिटनेस और सुरक्षा मानकों के दौड़ रहे 95 स्कूली वाहनों के परमिट निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। जल्द ही फिटनेस नहीं कराने पर इन वाहनों का पंजीयन निरस्त करने की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही 17 अन्य स्कूलों के वाहनों को भी नोटिस जारी कर कार्रवाई के घेरे में लिया गया है।
शहर से लेकर गांवों तक हजारों बच्चे प्रतिदिन स्कूली वाहनों से सफर करते हैं। बच्चों की सुरक्षा को लेकर करीब एक माह पहले परिवहन विभाग ने जांच कराई थी। जांच में 117 स्कूली वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के सड़कों पर दौड़ते मिले थे। एआरटीओ प्रशासन अमिताभ राय ने स्कूल प्रबंधनों को नोटिस जारी कर तत्काल वाहनों की फिटनेस कराने के निर्देश दिए थे। विभाग का कहना है कि इसके बाद भी कई स्कूलों ने निर्देशों को गंभीरता से नहीं लिया। लापरवाही बरतने वाले 95 वाहनों के परमिट निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।