बाराबंकी। संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार का सोमवार को अस्पतालों में मिला-जुला असर दिखा। कई केंद्रों पर मरीजों को इलाज और जांच के बिना लौटना पड़ा, जबकि कुछ जगह नियमित डॉक्टर मरीजों का उपचार करते रहे।
कोटवाधाम पीएचसी पर संविदा डॉक्टर के कार्य बहिष्कार से मरीज परेशान रहे। यहां टीवी डॉक्टर मरीजों का इलाज करते मिले। देवा सीएचसी में दोपहर 2:30 बजे तक 232 मरीजों की ओपीडी हुई। सिरौलीगौसपुर सीएचसी के 16 संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार से मरकामऊ गांव में टीकाकरण बाधित हुआ। बाद में बदोसराय की एएनएम चित्रा सिंह ने टीकाकरण कराया।
सूरतगंज सीएचसी में सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचीं चंदूरा निवासी रामकुमारी की एक्सरे जांच नहीं हो सकी। उन्हें घर लौटना पड़ा। सतरिख सीएचसी में उपचार सामान्य रहा, लेकिन जन्म प्रमाणपत्र बनवाने आए लोगों को परेशानी हुई। दरियाबाद सीएचसी में डॉ. सौरभ और अधीक्षक डॉ. अमित दुबे मरीजों का उपचार करते मिले। घुंघटेर सीएचसी में 145 मरीजों का इलाज हुआ।
जिले में करीब 1300 संविदा कर्मी हैं। इनमें 150 डॉक्टर और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारी शामिल हैं। सीएचसी अधीक्षकों को सेवाएं सुचारु रखने के निर्देश दिए गए थे।
-डॉ. रंजन गौतम, सीएमओ