क्रॉसिंग पर ट्रेन खड़े रहने से दोनों तरफ लगीं वाहनों की कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
दरियाबाद (बाराबंकी)। लखनऊ अयोध्या रेल खंड पर गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस ट्रेन का प्रेशर पाइप फट गया, जिससे ट्रेन रेलवे क्रॉसिंग पर खड़ी हो गई। इस बीच पीछे से आ रही वंदेभारत एक्सप्रेस को रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया। करीब एक घंटे बाद प्रेशर पाइप की मरम्मत कर गंतव्य के लिए रवाना किया गया। ट्रेन खड़ी होने के कारण रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर लंबा जाम लगा रहा।
मंगलवार की दोपहर करीब 1.25 बजे गोरखपुर से चलकर पनवेल महाराष्ट्र जा रही गोरखपुर पनवेल एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15065 का प्रेशर पाइप दरियाबाद से सैदखानपुर रेलवे स्टेशन के मध्य नियामतपुर क्रॉसिंग गेट 159सी पर फट गया। इससे ट्रेन बीच क्रॉसिंग पर खड़ी हो गई, जिससे यात्री परेशान होना शुरू हो गए। लोको पायलट और लोको गार्ड प्रेशर पाइप को ठीक कराने में जुट गए। इस बीच अयोध्या से चलकर लखनऊ की ओर जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस को दरियाबाद रेलवे स्टेशन पर रोका गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पाइप को पॉलिथीन बांध कर ठीक किया गया, जिसके बाद दोनों ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका।
क्रॉसिंग पर ट्रेन खड़ी होने के कारण दोनों तरफ कई किमी तक जाम लगा रहा। इससे दरियाबाद से गाजीपुर कोटवासड़क की ओर आने जाने वाले राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वंदेभारत एक्सप्रेस को करीब 20 मिनट स्टेशन पर ही रुकना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक एसके राय ने बताया कि चेन पुलिंग किए जाने के कारण ट्रेन बीच क्रॉसिंग पर रुक गई थी। इस बीच वंदेभारत एक्सप्रेस को दरियाबाद में 20 मिनट खड़ा किया गया था।