हैदरगढ (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र के लोधेसिंह का पुरवा के पास तेंदुआ की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के करीब जंगली जानवर द्वारा बकरी का शिकार करने की सूचना के बाद वनकर्मी कांबिंग कर रहे हैं।
कोतवाली क्षेत्र के लोधेसिंह पुरवा के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार शाम पानी निकासी नाला के पास तेंदुआ दिखाई पड़ने की सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे वन कर्मियों ने एक ओर से घेराबंदी शुरू की, लेकिन ग्रामीणों के शोर करने पर तेंदुआ एक्सप्रेसवे के नीच पड़ी पाइपलाइन से होकर दूसरी ओर से भाग निकला। तेंदुआ एक्सप्रेसवे के पास बम्हरौली की सुल्तान की पत्नी सुल्ताना बकरी चरा रही थी, तेंदुआ झपट्टा मारकर बकरी का एक बच्चा दबोच ले गया।
कुछ दूरी पर वह मरा मिला। वन दरोगा अनुज सिंह की अगुवाई में वनकर्मी कांबिंग कर रहे हैं। रात में बच्चों व बुजुर्गों को आबादी के बाहर अकेले नहीं निकलने की सलाह दी गई है। बताते चलें कि बीते साल भी यहां पर तेंदुआ आने की खबर मिली थी लेकिन कई दिनों की कांबिंग के बाद भी विभाग सुराग तक नहीं लगा सका। गोमती के करीब सुबेहा व शरीफाबाद के जंगलों में भी बीते वर्षों में तेंदुआ देखा गया है। वन क्षेत्राधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास शाम को तेदुआ दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों द्वारा दी गई है। वनकर्मी कांबिंग कर मामले की जांच कर रहे हैं।