देवा (बाराबंकी)। क्षेत्र में शनिवार को शारदा नहर में डॉल्फिन का जोड़ा देखा गया। लोगों की भीड़ जुटने के बाद सक्रिय हुए वन विभाग ने सुबह से शाम तक करीब 10 घंटे तक रेस्क्यू किया। कड़ी मशक्कत के बाद करीब डेढ़ क्विंटल की एक नर डाॅल्फिन को पकड़ा गया, जबकि दूसरी डॉल्फिन टीम को चकमा देती रही। डॉल्फिन को सरयू नदी में छुड़वा दिया गया है।
वन विभाग के देवा रेंज में देवा-कुर्सी मार्ग पर मित्तई पुल के पास सुबह ग्रामीणों ने दो बड़ी डॉल्फिन नहर में अठखेलियां करते हुए देखीं। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने के बाद मौके पर वन विभाग की टीम पहुंच गई। इसकी जानकारी लखनऊ की टीएसी टीम को भी दी गई। आननफानन डीएफओ रुस्तम परवेज मौके पर पहुंच गए। डीएफओ की अगुवाई में दो दर्जन कर्मचारियों व गोताखोरों की मदद से सुबह 10 से शाम साढ़े छह बजे तक रेस्क्यू किया गया।
इस दौरान मशक्कत के बाद टीम ने करीब डेढ़ क्विंटल की नर डॉल्फिन को पकड़ लिया, जबकि दूसरी डॉल्फिन नहर में लापता हो गई। अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू रोक दिया गया। डीएफओ रुस्तम परवेज ने बताया कि पकड़ी गई डाॅल्फिन को रामनगर रेंज में सरयू नदी में छोड़ दिया गया है। दूसरी डाॅल्फिन इससे भी बड़ी है। उसके लिए रविवार को रेस्क्यू किया जाएगा। नहर की निगरानी में कर्मचारी लगा दिए गए हैं।