दरियाबाद। मथुरानगर में मंगलवार शाम दो बाइकों की भिड़ंत में मिर्कापुर निवासी पेंटर अशोक कुमार (35) की माैत हो गई। वहीं, दूसरी बाइक सवार युवक को मामूला चोटें आई हैं। वह घर में प्रकाश की व्यवस्था के लिए बैटरी खरीदने जा रहे थे। बाजार में सड़क पार करते समय उनकी बाइक की टक्कर मऊ गोरपुर, रामसनेहीघाट निवासी राहुल मिश्रा की बाइक से हो गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी दरियाबाद पहुंचाया। राहुल को मामूली चोटें आईं, जबकि अशोक को जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ भेजा गया, जहां वह कोमा में चले गए। इलाज के बाद घर लाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसएचओ धर्मेंद्र कुमार ने आवश्यक कार्रवाई की बात कही।